मुंबईः महाराष्ट्र के जलगांव से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। जहाँ कुछ पुलिसकर्मियों और अन्य लोगों ने लड़कियों को सरकारी छात्रावास में रहने और नाचने के लिए मजबूर किया।
यह घटना जलगांव शहर में आशादीप महिला छात्रावास में हुई है। स्थानीय एनजीओ ने मंगलवार को जिला कलेक्टर को शिकायत दर्ज की थी, जिसके बाद यह घटना सामने आई। महाराष्ट्र सरकार द्वारा इस मामले की जांच शुरू की गई है और 4 सदस्यीय समिति को 2 दिनों में एक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है।
भाजपा विधायक श्वेता महाले ने इस मुद्दे को विधानसभा में उठाया।महाले ने कहा कि इस घटना ने राज्य को शर्मसार कर दिया। बड़ी बात यह है कि इस मामले में पुलिस आरोपी है। महिलाओं को सुरक्षा देने वाले खुद शिकार कर रहे हैं। ऐसी और भी महिलाएं हो सकती हैं, जो शिकार हो सकती हैं। हम इसमें कड़ी कार्रवाई की मांग करते हैं।
महाराष्ट्र के गृहमंत्री अनिल देशमुख ने कहा कि जांच के आदेश दिए गए हैं। मंत्री ने कहा कि 4 सदस्यीय समिति को 2 दिनों में एक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया है। छात्रावास महिला एवं बाल कल्याण विभाग द्वारा संचालित किया जाता है।
भाजपा नेता देवेंद्र फड़नवीस ने सरकार पर हमला बोला है। कहा कि इस घटना की वीडियो क्लिप है। उन्होंने कहा कि वीडियो क्लिप में दिखाई दे रहा है कि लड़की को निर्वस्त्र कर नाचने के लिए मजबूर किया गया जो एक गंभीर मामला है।